मुंबई। एक समय बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ माने जाने वाले गोविंदा इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें लंबे समय से कोई बड़ा काम नहीं मिल रहा, साथ ही पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों के कारण वे मानसिक तनाव और डिप्रेशन का सामना कर रहे हैं।
इसी बीच हाल ही में गोविंदा ने अपने पुराने करीबी निर्देशक डेविड धवन को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। गोविंदा ने आरोप लगाया कि डेविड धवन उनके प्रति वफादार नहीं रहे और उन्होंने बाद में अपने बेटे वरुण धवन के साथ फिल्में बनाने पर ज्यादा ध्यान दिया। गोविंदा का कहना है कि जिस तरह की कॉमेडी और केमिस्ट्री उन्होंने डेविड धवन के साथ बनाई थी, वैसा जादू दोहराना आसान नहीं है।
गौरतलब है कि 90 के दशक में जब गोविंदा का करियर थोड़ा कमजोर पड़ रहा था, तब डेविड धवन ने फिल्म शोला और शबनम के जरिए उन्हें बड़ा मौका दिया। इस फिल्म की सफलता के बाद दोनों की जोड़ी ने बॉलीवुड में धमाल मचा दिया। इसके बाद हीरो नंबर 1, कुली नंबर 1 और कई सुपरहिट कॉमेडी फिल्मों ने इस जोड़ी को दर्शकों की पसंदीदा बना दिया।
गोविंदा ने फिल्म पार्टनर को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के लिए उन्होंने ही डेविड धवन को सलमान खान का नाम सुझाया था। इतना ही नहीं, उन्होंने सलमान खान को उनके लुक और पर्सनैलिटी को लेकर भी कई सुझाव दिए थे।
गोविंदा और डेविड धवन की जोड़ी कभी बॉलीवुड की सबसे सफल कॉमेडी जोड़ी मानी जाती थी, लेकिन अब दोनों के रिश्तों में आई खटास ने एक बार फिर पुराने विवादों को सुर्खियों में ला दिया है।


