in

पाली में युवक का अपहरण कर मारपीट, गहने लूटे—वीडियो बनाकर दी ब्लैकमेल की धमकी, 4 आरोपी गिरफ्तार।

पाली। शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई, गहने लूटे गए और कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।

कोतवाली थाना SHO रविन्द्रसिंह खिंची ने बताया कि जवाहर नगर निवासी 26 वर्षीय श्यामदास पुत्र बाबूदास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़ित ने बताया कि 31 मार्च की सुबह करीब 9 बजे मनीष पालीवाल और कुलदीप पालीवाल कार लेकर उसके घर पहुंचे और उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। कार में पहले से दो अन्य युवक भी मौजूद थे।

आरोपी युवक को मांडावास गांव की ओर ले गए, जहां उस पर एक रिश्तेदार के गहने वापस नहीं करने का आरोप लगाते हुए बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया और धमकी दी कि यदि गहने वापस नहीं किए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।

इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित के गले से सोने की चेन, अंगूठी और मुरकियां भी लूट लीं। भयभीत युवक द्वारा गहने लौटाने की सहमति जताने पर आरोपी उसे वापस पाली शहर में छोड़कर फरार हो गए।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और मनीष पालीवाल, कुलदीप पालीवाल, मुकेश पालीवाल तथा कानियालाल उर्फ कृष्णा पालीवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है और मामले की गहन जांच जारी है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली विराट शोभायात्रा, शहर हुआ भक्ति में सराबोर।

डॉ. फिरोज खांन मुगल को भारत रत्न सेवा सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।