पाली। राजस्थान के पाली जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने गुरुवार रात एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में डोडा-पोस्त बरामद किया। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। एएनटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक लग्जरी कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर तस्कर दिवेर नाल से पाली की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर सम्भारिया और कोट सोलंकियान के पास पुलिस ने नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध कार पहुंची, पुलिस ने स्टॉप-स्टिक लगाकर उसके टायर पंचर कर दिए। इसके बावजूद तस्कर वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ाते रहे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
बाद में तलाशी लेने पर कार से 192.800 किलो डोडा-पोस्त बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस को 12 फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं, जिनका उपयोग तस्कर पुलिस से बचने के लिए करते थे।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि बरामद कार और मादक पदार्थ को जब्त कर खिंवाड़ा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। फरार तस्करों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ पूरी तरह सतर्क है और ऐसे अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


