पाली। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही वृद्ध पिता के साथ मारपीट कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

CCTV में कैद हुई शर्मनाक हरकत…
घटना रानी क्षेत्र के चुंगी नाका के पास इटंदरा चारणान रोड की है। 59 वर्षीय चम्पालाल पुत्र रूपाराम ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि 7 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा प्रदीप जबरन घर में घुस आया। उस समय वे सोफे पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे।
अचानक गुस्से में आए बेटे ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट के साथ गाली-गलोच शुरू कर दी। इस दौरान घर में मौजूद उनकी पत्नी और बेटी ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें छुड़ाया।
बेटे पर गंभीर आरोप…
पीड़ित पिता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उनका बेटा प्रदीप बदमाश प्रवृत्ति का है और अक्सर राजनीतिक पहुंच का डर दिखाकर धमकियां देता है।
पुलिस ने शुरू की जांच…
थाना रानी के SHO आनंद कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
समाज के लिए चेतावनी…
यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर संदेश है कि पारिवारिक विवादों को हिंसा का रूप देना कितना खतरनाक हो सकता है।


