पाली। शहर में सूने मकान से लाखों की ज्वेलरी और नकदी चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पाली पुलिस ने करीब 800 किलोमीटर पीछा कर उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को शनिवार को बांगड़ अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद कोर्ट में पेश किया गया।
मामला टीपी नगर थाना क्षेत्र के मारूति नंदन नगर का है, जहां 20 अप्रैल की रात किरण सिंह राजपुरोहित के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 31 लाख रुपए के गहने और 2 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया था।
सीसीटीवी से सुराग, यूपी तक पहुंची पुलिस…
एसपी मोनिका सैन ने बताया कि आरोपी तुषार कुमार (25) शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ बीकानेर में चोरी-नकबजनी के 8 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और जोधपुर से लेकर मेरठ (यूपी) तक उसका पीछा किया।
सीओ सिटी मदन सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में टीम ने मवाना, हस्तिनापुर, रोहटा, खतौली, मीरापुर और मुजफ्फरनगर सहित कई स्थानों पर दबिश दी। अंततः मेरठ क्षेत्र में पांच दिन तक डेरा डालने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
रेलवे ट्रैक के रास्ते पहुंचा, दिन में की थी रैकी…
एसपी मोनिका सैन के अनुसार, आरोपी वारदात के दिन ट्रेन से पाली आया था, लेकिन रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार से प्रवेश नहीं किया। वह करीब 2 किलोमीटर तक पटरी के सहारे चलता हुआ मारूति नंदन नगर पहुंचा और दिन में इलाके की रैकी की। रात में सूना मकान देखकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और वापस ट्रेन से फरार हो गया।
जुआ-सट्टे की लत ने बनाया अपराधी…
टीपी नगर थाने के एसएचओ हनुवंत सिंह ने बताया कि आरोपी 9वीं कक्षा तक पढ़ा है। जुआ और सट्टे की लत के चलते वह आर्थिक रूप से बर्बाद हो गया और साल 2024 से चोरी-नकबजनी की वारदातें करने लगा। वह राजस्थान में आकर वारदातों को अंजाम देता था।
रिमांड पर लेकर बरामदगी का प्रयास…
पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए गहनों और नकदी की बरामदगी का प्रयास करेगी।

