in

सोजत: हर रविवार सेवा का अनुठा संकल्प-“टीम बिजनेस मित्र”: सेवा, संस्कृति और संस्कार का अनूठा संगम।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। शहर की युवा ऊर्जा आज एक नई दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसका सशक्त उदाहरण है ‘टीम बिजनेस मित्र’। यह टीम केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और संस्कृति का जीवंत प्रतीक बन चुकी है। युवाओं से मिलकर बनी यह टीम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से निरंतर कार्यरत है।

टीम का मुख्य उद्देश्य हमारी समृद्ध संस्कृति को संरक्षित करना तथा हमारी मायड़ भाषा ‘मारवाड़ी’ को आगे बढ़ाना है। आज के आधुनिक दौर में जहां युवा अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, वहीं ‘टीम बिजनेस मित्र’ उन्हें अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।

साल 2025 से यह टीम हर रविवार को सोजत शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जाकर उनकी संपूर्ण साफ-सफाई का कार्य कर रही है। मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाना इनके नियमित सेवा कार्यों में शामिल है, जिससे समाज में स्वच्छता और श्रद्धा दोनों का संदेश फैल रहा है।

इसके साथ ही टीम बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत को कम करने के लिए भी सराहनीय पहल कर रही है। बच्चों के लिए पारंपरिक खेल गतिविधियों का आयोजन कर उन्हें 90 के दशक के खेलों से परिचित करवाया जा रहा है। बिना किसी आधुनिक साधनों के खेले जाने वाले ये खेल न केवल बच्चों के शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि मानसिक मजबूती भी प्रदान करते हैं। इसके माध्यम से बच्चों को हमारी संस्कृति का भी ज्ञान मिल रहा है।

टीम के संस्थापक महेंद्र सिंह राव से बातचीत के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए टीम ने पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए हैं। इन परिंडों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी टीम स्वयं निभा रही है।

इसके अलावा, जानवरों के लिए पानी की कमी को दूर करने के उद्देश्य से टीम पुराने और जर्जर पानी के होद (उवाले) की सफाई एवं मरम्मत का कार्य भी कर रही है। प्रत्येक रविवार को पूरी टीम मिलकर इन होदों को साफ कर उन्हें पुनः उपयोग योग्य बना रही है, जो एक अत्यंत सराहनीय पहल है।

‘टीम बिजनेस मित्र’ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। इंस्टाग्राम पर ‘Business Mitra’ नाम से उनका अकाउंट है, जहां वे व्यापारियों के प्रमोशनल वीडियो के साथ-साथ अपने सेवा कार्यों की झलक भी साझा करते हैं। विशेष बात यह है कि वे अपनी मायड़ भाषा मारवाड़ी में लोगों को संबोधित कर संस्कृति के प्रति जागरूकता फैलाते हैं।

निस्संदेह, ‘टीम बिजनेस मित्र’ सोजत की युवा शक्ति का एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो सेवा, संस्कृति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभा रही है। ऐसी पहल न केवल समाज को एक नई दिशा देती हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक आदर्श स्थापित करती हैं।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली में सख्ती के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई नीट-2026 परीक्षा, 2011 अभ्यर्थी हुए शामिल।

पाली में सख्ती के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई नीट-2026 परीक्षा, 2011 अभ्यर्थी हुए शामिल।