in

पाली।बालोतरा में अपहरण के बाद युवक की हत्या, शव पाली के कुएं में फेंका: 5 आरोपी गिरफ्तार; भाई ने सदमे में जान गंवाई।

पाली/बालोतरा। बालोतरा जिले में एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया और मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद से शुरू हुई रंजिश, हत्या में बदली…

जेतपुर थानाप्रभारी अरुण कुमार के अनुसार, मामला बालोतरा जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र के बामसनी गांव का है। मृतक बचिया उर्फ सुरेश सिवाना क्षेत्र में मजदूरी करता था।

15 अप्रैल को वीर बापजी मंदिर के पास उसका ईश्वर भील से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी उस पर नजर रखे हुए थे।

रेलवे फाटक के पास रोका, अपहरण कर की हत्या…

23 अप्रैल की शाम सुरेश को देवड़ा गांव की सरहद में रेलवे फाटक के पास रोका गया। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर अपहरण कर सुनसान जगह ले गए, जहां उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

शव को कुएं में फेंककर फरार हुए आरोपी…

वारदात के बाद आरोपी शव को पहले बाइक और फिर ईको वैन से कई किलोमीटर दूर पाली जिले के राणा गांव (जेतपुर थाना क्षेत्र) ले गए और एक कुएं में फेंक दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

2 मई को सूचना मिलने पर जेतपुर (पाली) और समदड़ी (बालोतरा) पुलिस मौके पर पहुंची और शाम करीब 6 बजे शव को बाहर निकलवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

छोटे भाई के गम में बड़े भाई ने दी जान…

घटना ने उस वक्त और दुखद मोड़ ले लिया जब सुरेश के लापता होने के बाद उसके बड़े भाई ने 27 अप्रैल को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। परिवार पहले से ही उसकी तलाश में जुटा था और इस घटना से गहरे सदमे में था।

एक ही परिवार में दो बेटों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है।

5 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी…

पुलिस ने मामले में सिवाना थाना क्षेत्र के खाखरलाई गांव निवासी किशनाराम (27), गणपतराम (31), टीकमराम (27), जगदीश (31) और हिंगाराम (18) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इलाके में सनसनी, पुलिस अलर्ट…

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली में सख्ती के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई नीट-2026 परीक्षा, 2011 अभ्यर्थी हुए शामिल।

सोजत। ज्वलंत समस्याओं को लेकर सामाजिक संगठनों ने SDM को सौंपा ज्ञापन,SDM ने संम्बन्धित विभागों को दिये हाथोंहाथ निर्देश।