in

सोजत। ज्वलंत समस्याओं को लेकर सामाजिक संगठनों ने SDM को सौंपा ज्ञापन,SDM ने संम्बन्धित विभागों को दिये हाथोंहाथ निर्देश।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं—पेंशनर समाज, वरिष्ठ नागरिक समिति, अभिनव कला मंच, भारत विकास परिषद् और सोजत सेवा मंडल—के पदाधिकारियों व प्रबुद्ध नागरिकों ने सोमवार को उपखंड अधिकारी मासिंगा राम जांगिड़ से मुलाकात कर शहर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

वार्ता के दौरान प्रतिनिधियों ने पेयजल, बिजली, यातायात व्यवस्था और आवारा पशुधन जैसी समस्याओं को बिंदुवार रखते हुए समाधान की मांग की। उपखंड अधिकारी ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए।

ट्रैफिक जाम और व्यवस्थाओं पर चिंता…

सामाजिक संगठनों ने ज्ञापन में बताया कि राजपोल गेट, एसबीआई बैंक के पास, सब्जी मंडी और चारभुजा मंदिर रोड पर आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड पर बुकिंग व्यवस्था पुनः शुरू करने, विश्रांति गृह की नियमित सफाई और बैठने की समुचित व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई।

भीषण गर्मी में राहत के उपाय सुझाए…

भीषण गर्मी और जिला अस्पताल में बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए संस्थाओं ने अस्थायी राहत उपायों का सुझाव दिया। इसमें राजपोल गेट स्थित नगर पालिका लाइब्रेरी में एक नर्सिंग कर्मी नियुक्त करने की मांग की गई, ताकि राहगीरों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके।

साथ ही, लाइब्रेरी के बाहर तीन माह तक नियमित पानी के कैंपर लगाने और बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए छाया हेतु टेंट लगाने की मांग रखी गई।

पेयजल, बिजली और आवारा पशुधन का मुद्दा…

ज्ञापन में पेयजल आपूर्ति का निश्चित टाइम टेबल तय करने, शहर में अनियंत्रित घूम रहे गौवंश पर रोक लगाने और बस स्टैंड के पास टीन शेड लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

विद्युत विभाग द्वारा की जा रही अघोषित कटौती और वोल्टेज समस्या पर भी रोष व्यक्त किया गया, जिससे घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं।

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी मांग…

प्रतिनिधियों ने अनुबंधित व निजी बस संचालकों से मांग की कि वे रात के समय महिला और बुजुर्ग यात्रियों को हाईवे पर न उतारकर शहर के भीतर बस स्टैंड तक ही छोड़ें, जिससे किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

इनकी रही मौजूदगी…

ज्ञापन देने वालों में पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य महेन्द्र कुमार मेहता, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, एडवोकेट जुगल किशोर दवे, हितेन्द्र व्यास, ताराचंद सैनी, सत्तुसिंह भाटी, अशोक सैन, डॉ. रशीद गौरी, प्रकाश सोनी, श्यामलाल परिहार, लक्ष्मण राम पालरिया, जोगेश जोशी, जवरीलाल बौराणा सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

दो दिन में रिपोर्ट के निर्देश…

उपखंड अधिकारी मासिंगा राम जांगिड़ ने प्रतिनिधिमंडल के सामने ही संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और दो दिन में की गई कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश भी जारी किए।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली।बालोतरा में अपहरण के बाद युवक की हत्या, शव पाली के कुएं में फेंका: 5 आरोपी गिरफ्तार; भाई ने सदमे में जान गंवाई।