सोजत। कस्बे में रविवार रात मानसून एक बार फिर मेहरबान हुआ। रात करीब 8:30 बजे तेज हवाओं, बादलों की गड़गड़ाहट और आसमान में लगातार चमकती बिजली के बीच बारिश का दोर शुरू हुआ जो धीरे धीरे झमाझम बारिश मे बदल गया ये झमाझम बारिश लगभग 45 मिनट तक जारी रही। बारिश से शहर के मैन बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों पर तेज बहाव के साथ पानी बहने लगा, जिससे पूरे शहर में मानसूनी माहौल बन गया।
दिनभर पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। दोपहर के समय गर्मी के कारण मुख्य बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि शाम करीब 8 बजे आसमान में काले बादल छाने लगे और तेज हवाओं के साथ मौसम ने करवट ली। कुछ ही देर बाद मेघगर्जन और बिजली की चमक के बीच तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश के दौरान दुकानों और मकानों की छतों पर लगे पाइपों से तेज गति से पानी बहता रहा। कई लोगों ने बहते पानी के नीचे नहाकर बारिश का आनंद लिया, जबकि मुख्य बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर बच्चे पानी बहाव मे खेलते और मस्ती करते नजर आए।
इस बारिश से किसानों के चेहरों पर भी बारिश कि खुशी साफ दिखाई दी। उनका कहना है कि पिछले तीन दिनों में हुई दो अच्छी बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी हो गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई और बेहतर विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।

