in

गुरु पूर्णिमा महोत्सव: श्रीमाली ब्राह्मण समाज महिला मंडल सोजत के पांच दिवसीय कार्यक्रम 25 जुलाई से।

सोजत। श्रीमाली ब्राह्मण समाज महिला मंडल, सोजत के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर 25 से 29 जुलाई 2026 तक गुरु फूलनारायण आश्रम एवं बुढ़ायत माता मंदिर, लुण्डावास में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों को लेकर महिला मंडल की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता व्यास के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय महोत्सव में महिलाओं एवं बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। श्रीमती प्रमिला श्रीमाली ने बताया कि दक्ष प्रशिक्षक महिलाओं द्वारा कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महिला मंडल सचिव हेमलता श्रीमाली ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 25 जुलाई (ग्यारस) को दोपहर 2 बजे से महिलाओं द्वारा भजन संध्या आयोजित होगी।

26 जुलाई को शाम 4 बजे से महिलाओं का गरबा कार्यक्रम होगा, जिसमें चुनड़ी पहनावा निर्धारित किया गया है। 27 जुलाई को दोपहर 2 से 5 बजे तक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता (3 से 15 वर्ष), श्लोक प्रतियोगिता (5 से 18 वर्ष) तथा मांडणा प्रतियोगिता (सभी आयु वर्ग) आयोजित की जाएगी। इस दिन प्रतिभागियों के लिए लहरिया पहनावा रखा गया है।

इसी अवसर पर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं, विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं तथा बाहर से आने वाली महिला पदाधिकारियों का सम्मान भी किया जाएगा।

27 जुलाई की रात्रि 8 बजे बुढ़ायत माता मंदिर, लुण्डावास में रातीजोगा का आयोजन होगा। वहीं 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को गुरु फूलनारायण आश्रम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महिला मंडल की ओर से सहभागिता रहेगी, जिसमें महिला मंडल की निर्धारित साड़ी ड्रेस कोड रहेगी।

महिला मंडल अध्यक्ष सुनीता व्यास ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने की इच्छुक श्रीमाली ब्राह्मण समाज की बालिकाओं एवं महिलाओं से 24 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

कार्यक्रम की तैयारियों में हेमलता श्रीमाली, सीमा व्यास, सीमा दवे, वंदना व्यास, नीलम व्यास, पूजा सहित महिला मंडल की अनेक सदस्य सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्नेहा बालवंशी ने वृद्धाश्रम में मनाया जन्मदिन, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद।

भारतीय मजदूर संघ की तहसील स्तरीय बैठक आयोजित, स्थापना दिवस और कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा