सोजत सिटी। आज के दौर में जहां जन्मदिन होटल और पार्टियों में मनाने का चलन बढ़ रहा है, वहीं पाली शहर के हिम्मत नगर स्थित वृद्धाश्रम में कृष्णा नगर निवासी स्नेहा बालवंशी ने अपना जन्मदिन एक प्रेरणादायक अंदाज में मनाकर समाज के सामने अनूठी मिसाल पेश की।
शनिवार को स्नेहा अपने परिवार के साथ वृद्धाश्रम पहुंची, जहां उसने सभी वृद्धजनों के बीच जन्मदिन मनाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम का माहौल आत्मीयता और अपनत्व से भर गया। बुजुर्गों ने स्नेहा को उज्ज्वल भविष्य एवं सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम समिति के प्रमोद जैथलिया, राजेन्द्र मेहता, सुशील कोठारी, रमेश बाबाणी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। स्नेहा के साथ उनके दादा नारायण बालवंशी, दादी कौशल्या बालवंशी, माता कविता बालवंशी, दिलीप बालवंशी, भवानी बालवंशी, नम्रता बालवंशी, भाई भव्यदीप, युजवेंद्र, मानवेन्द्र एवं अन्य परिजन भी मौजूद रहे।
स्नेहा ने बताया कि उसके माता-पिता दोनों शिक्षक हैं और उन्हीं की प्रेरणा से इस वर्ष जन्मदिन वृद्धाश्रम में मनाने का निर्णय लिया। उसने कहा, “यह जन्मदिन मेरे जीवन का सबसे यादगार जन्मदिन रहेगा। यहां सभी बुजुर्गों ने जो स्नेह, अपनापन और आशीर्वाद दिया, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगी।”
वृद्धाश्रम समिति के सदस्यों ने स्नेहा और उसके परिवार की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा, सम्मान और संस्कारों का सुंदर संदेश देते हैं।


