सोजत सिटी। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने सोजत क्षेत्र में दस्तक दे दी। मंगलवार देर रात करीब 1:45 बजे शुरू हुई बूंदाबांदी जल्द ही रिमझिम बारिश में बदल गई। बारिश का सिलसिला रात 3:15 बजे तक जारी रहा, इसके बाद सुबह करीब 4 बजे फिर लगभग 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। इस बरसात से पूरे क्षेत्र में मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश का असर जल स्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है। केलवाद माताजी मंदिर के पास से गुजरने वाली सुकड़ी नदी की सहायक नदी में पानी का बहाव शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश होती रही तो यह पानी बगड़ी की पुलिया के पास जाकर सुकड़ी नदी में मिल जाएगा, जिससे क्षेत्र के जलस्तर में भी सुधार होगा।
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी है। बारिश के बाद तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और पारा 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम खुशनुमा होने से सुबह-सुबह लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया।
मानसून की यह बारिश केवल सोजत तक सीमित नहीं रही। सोजत रोड, चंडावल, बगड़ी नगर और खोखरा सहित आसपास के कई गांवों में भी अच्छी वर्षा हुई। किसानों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। उनका कहना है कि खेतों में कार्य पूरा हो चुका है और फसलों को अब पानी की सख्त जरूरत थी। यह बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी।
हालांकि बुधवार सुबह से ही सोजत शहर के आसमान पर घने काले बादल छाए हुए हैं, लेकिन शहरवासी अब भी झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में सभी की निगाहें आसमान पर टिकी हैं कि कब बादल फिर मेहरबान होकर तेज बारिश की सौगात दें।


