सोजत। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचते ही सहज, सुरक्षित और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजकीय जिला अस्पताल, सोजत सिटी ने एक नई पहल की है। अस्पताल में ‘प्रसव सखी हेल्प डेस्क’ की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से अब गर्भवती महिलाओं को 24 घंटे विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक गहलोत के नेतृत्व में दो नर्सिंग अधिकारियों को प्रसव सखी के रूप में नियुक्त किया गया है। ये प्रसव सखियां अस्पताल पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं का स्वागत करने से लेकर पंजीयन, आवश्यक जांच, उपचार तथा संबंधित वार्ड तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया में सहयोग करेंगी। साथ ही प्रसव पूर्व, प्रसव और प्रसवोत्तर सेवाओं के बेहतर समन्वय की जिम्मेदारी भी निभाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 10 से 15 प्रसव तथा 1 से 2 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के मामले आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध ड्यूटी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि किसी भी समय आने वाली गर्भवती महिला को तत्काल सहायता मिल सके। हाई रिस्क गर्भवतियों की प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से तत्काल जोड़ा जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने कहा कि प्रसव सखी हेल्प डेस्क से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में त्वरित, सम्मानजनक और समन्वित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।
वहीं आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि यह व्यवस्था हाई रिस्क गर्भवतियों की समय रहते पहचान और शीघ्र उपचार सुनिश्चित करेगी, जिससे सुरक्षित मातृत्व अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह पहल गर्भवती महिलाओं के लिए अस्पताल का अनुभव अधिक सहज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


