in

सोजत: आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत पर प्रशासन का एक्शन, तीन जगहों पर ट्यूबवेल खुदाई रुकवाई।

सोजत। निकाय चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत पर प्रशासन और पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। वार्ड संख्या 23 और 29 में तीन अलग-अलग स्थानों पर ट्यूबवेल खुदाई का काम चलने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा तीनों जगहों पर काम बंद करवा दिया।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी कूंपसिंह पंवार ने बताया कि प्रशासन को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि वार्ड संख्या 29 में दो स्थानों तथा वार्ड संख्या 23 में एक स्थान पर ट्यूबवेल खुदाई का कार्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया।

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राघव मीणा पुलिस टीम के साथ वार्ड संख्या 29 में गंगा पेट्रोल पंप के पीछे तथा राम पेट्रोल पंप के पीछे पहुंचे। यहां ट्यूबवेल खुदाई का कार्य चल रहा था।

प्रशासन की जांच में एक स्थान पर ट्यूबवेल की खुदाई पूरी हो चुकी थी, जिसे ऊपर से सील कर दिया गया। वहीं दूसरे स्थान पर पाइप डाले जा रहे थे। प्रशासन ने मशीन की सहायता से पाइप वापस निकलवाकर वहां भी कार्रवाई शुरू कर दी।

इसी प्रकार वार्ड संख्या 23 में ट्यूबवेल खुदाई की तैयारी चल रही थी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्य को तुरंत बंद करवाया और बोरिंग मशीन को वहां से हटवा दिया।

ईओ राघव मीणा ने बताया कि दो स्थानों पर काम बंद करवाया गया है। वहीं जिस स्थान पर ट्यूबवेल की खुदाई पूरी हो चुकी है, वहां इस कार्य के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत दर्ज करवाने की तैयारी की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान तीनों स्थानों पर मौजूद मोहल्लेवासियों ने दावा किया कि ट्यूबवेल सामूहिक सहयोग से खुदवाए जा रहे हैं तथा इस कार्य में किसी भी चुनाव प्रत्याशी की कोई भूमिका नहीं है।

फिलहाल प्रशासन मौके की स्थिति का आकलन करने के साथ ही जिम्मेदार लोगों की जानकारी जुटा रहा है। निकाय चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता के सख्ती से पालन को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: शाम 6 बजे थमा प्रचार-अब मतदाता करेंगे 9 सितंबर को प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला।