सोजत। श्रीमाली ब्राह्मण समाज के उभरते हुए युवा नेता प्रफुल्ल ओझा ने अपने समर्पण, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी कार्यशैली से न केवल समाज में बल्कि राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। गुरु पूर्णिमा पर्व पर चेतन व्यास के साथ संवाद में ओझा ने अपने प्रेरणादायक राजनीतिक सफर की जानकारी साझा की।
छात्र जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से करने वाले प्रफुल्ल ओझा ने छात्र राजनीति के माध्यम से अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। बांगड़ महाविद्यालय, पाली में वित्त सचिव एवं राजकीय विधि महाविद्यालय, पाली के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने संगठनात्मक दक्षता का प्रदर्शन किया।
प्रफुल्ल ओझा का राजनीतिक कद निरंतर बढ़ता गया। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा में सोजत मंडल कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री, सिरोही प्रभारी, एवं मीडिया समन्वयक जैसे कई पदों पर रह चुके हैं। साथ ही भाजपा के प्रदेश स्तर पर विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण युवा परिषद में भी प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं।
राजसमंद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दीप्ति माहेश्वरी की भारी मतों से विजय में भी उनकी रणनीतिक भूमिका रही। इसके अतिरिक्त वे बाबरा मंडल एवं जैतारण क्षेत्र के प्रभारी भी रह चुके हैं। लॉकडाउन काल में सोजत विधानसभा क्षेत्र में जरूरतमंदों की सेवा कर उन्होंने समाज सेवा की मिसाल पेश की।
राजनीतिक रूप से वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अपना आदर्श मानते हैं। वर्तमान में वे भाजपा युवा मोर्चा, जोधपुर के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं संगठन प्रभारी के रूप में सक्रिय हैं। इसके साथ ही वे राजकीय चिकित्सालय एवं महाविद्यालय सोजत में विधायक श्रीमती शोभा चौहान के प्रतिनिधि के तौर पर भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
जोधपुर संभाग के ख्यातिप्राप्त एंकर एवं कुशल वक्ता प्रफुल्ल ओझा आज युवाओं के प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं और श्रीमाली ब्राह्मण समाज के कई संगठनों से जुड़कर समाज के विकास में निरंतर योगदान दे रहे हैं।