पाली। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन आज जिले भर में पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही घर-घर में बहनों ने अपने-अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की मंगलकामनाएं कीं। भाईयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प दोहराया।

जिला मुख्यालय पाली सहित सभी कस्बों, गाँवों जैसे सोजत सिटी,सोजत रोड़,बगड़ी नगर,मारवाड़ जक्शन,चण्डावल में रक्षाबंधन की रौनक साफ़ नज़र आ रही है। शहर के प्रमुख बाजारों — सर्राफा बाजार, बादशाह का झण्डा, सूरजपोल, सोमनाथ मंदिर रोड़ और नवलखा रोड़ पर सुबह से ही भीड़ उमड़ी रही। राखियों की दुकानों पर रंग-बिरंगी, डिजाइनर और पारंपरिक राखियों की भरमार रही, वहीं मिठाई की दुकानों पर लड्डू, बर्फी, काजू कतली और चॉकलेट गिफ्ट पैक की ख़रीदारी पूरे दिन होती रही।

त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। कई परिवारों में बहनें दूर-दराज़ से अपने मायके पहुंचीं, तो कहीं भाइयों ने बहनों के घर जाकर यह पवित्र रिश्ता निभाया। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी ने उत्सव का आनंद लिया।
मौके पर पुलिस और प्रशासन की ओर से भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष प्रबंध किए गए। यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था संभाली, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सजग रहीं।
रक्षाबंधन के साथ ही बाजारों में आर्थिक गतिविधियों में भी रौनक लौट आई है। व्यापारियों के अनुसार इस बार राखी और मिठाइयों की बिक्री पिछले साल की तुलना में अधिक रही है।

