बागपत। रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली एक फर्जी फाइनेंस कंपनी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस धोखाधड़ी मामले में बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े, आलोक नाथ समेत 22 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि लोनी स्थित “अर्बन स्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड” नाम की कंपनी ने बागपत, मेरठ, गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एजेंटों के माध्यम से निवेश योजनाएं चलाईं। कंपनी ने लोगों को एक वर्ष में निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच दिया था।
कंपनी ने प्रचार-प्रसार के लिए बॉलीवुड कलाकारों का सहारा लिया। श्रेयस तलपड़े को प्रमोटर और आलोक नाथ को ब्रांड एंबेसडर के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे लोगों का कंपनी पर भरोसा बढ़ गया। इसी विश्वास के चलते 500 से अधिक निवेशकों ने लाखों रुपये का निवेश किया।
एक वर्ष बाद जब निवेशकों ने राशि वापसी के लिए कंपनी से संपर्क किया तो दफ्तर बंद मिले और किसी अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद निवेशकों को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित निवेशक बबली सहित कई लोगों ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कंपनी ने फर्जी हस्ताक्षर कराए और जमा राशि हड़प ली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर कंपनी के संचालकों, एजेंटों और प्रमोटरों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एएसपी चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है, उनके बैंक खातों की जांच चल रही है और प्रमोशन में शामिल हस्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

