पाली। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को पाली मुख्यालय स्थित अंबेडकर सर्कल पर सुबह से ही मेले जैसा माहौल देखने को मिला। जिलेभर से पहुंचे अंबेडकरवादी, समाजसेवी, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एवं आमजन ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।

अंबेडकर सर्कल पर लोगों ने बाबा साहब के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त करते हुए जयकारे लगाए। इस दौरान भीम आर्मी, बामसेफ, युवा दलित संगठन, मुस्लिम युवा फाउंडेशन सहित कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षाविदों और वक्ताओं ने कहा कि आज देश में दलितों को जो अधिकार और सम्मान प्राप्त हैं, वे बाबा साहब की देन हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की मजबूती भारतीय संविधान के कारण है और जब तक भारत रहेगा, बाबा साहब का नाम अमर रहेगा।
इसी अवसर पर पाली के बांगड़ अस्पताल में डॉ. अंबेडकर नर्सेज वेलफेयर सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया और इसे सफल बनाया।

रक्तदान शिविर में बीजेपी जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, मनीष तिलक, महमूद कबाड़ी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाजसेवा की प्रेरणादायक पहल की।

