पाली। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, पाली में सोशल मीडिया, आईटी एवं मीडिया विभाग की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी एवं जिला प्रभारी श्याम शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में संगठन के डिजिटल विस्तार और आगामी रणनीति पर गहन मंथन हुआ।

मुख्य वक्ता एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग में डिजिटल प्लेटफॉर्म सबसे सशक्त हथियार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुँचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। डॉ. शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक पहचान बनाई है, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सुशासन की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से दक्ष होकर विपक्ष के भ्रामक प्रचार का मजबूती से जवाब देना होगा।”
जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर नियमित सक्रिय रहने और सकारात्मक जानकारी साझा करने का आह्वान किया। जिला प्रभारी श्याम शर्मा ने आईटी और मीडिया विभाग को संगठन की रीढ़ बताते हुए अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस दौरान करणी सिंह ने भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सशक्त उपस्थिति की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में आईटी विभाग के जिला संयोजक मुकेश नाबरिया, सोशल मीडिया संयोजक इन्द्रजीत राव, मीडिया संयोजक प्रवीण गुलेच्छा, जिला प्रवक्ता त्रिलोक चौधरी, पंकज चौधरी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


