in

पाली में पुलिस स्थापना दिवस: 99 पुलिसकर्मी व 11 आमजन सम्मानित, मानवता की मिसाल बने दीपाराम और नारायण भाटी

पाली। पुलिस लाइन स्थित श्रीराम पवेलियन ग्राउंड में गुरुवार को पुलिस स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर 99 पुलिसकर्मियों और 11 आमजन को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईजी सतेन्द्र सिंह और एसपी मोनिका सैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह में जनसेवा की मिसाल पेश करने वाले बालेसर निवासी दीपाराम और सांडेराव के एडवोकेट नारायण भाटी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दीपाराम अपने पिता की अंतिम सीख को जीवन का उद्देश्य बनाकर वर्षों से सड़क हादसों में घायलों को अस्पताल पहुंचाने, भर्ती कराने और जरूरत पड़ने पर रक्त की व्यवस्था करने का कार्य कर रहे हैं। अब तक वे सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद कर चुके हैं।

वहीं एडवोकेट नारायण भाटी भी लंबे समय से हाईवे पर घायल और लावारिस हालत में मिले लोगों को अस्पताल पहुंचाने, उनकी पहचान कराने और अंतिम संस्कार तक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके इस मानव सेवा कार्य को भी अधिकारियों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान आईजी और एसपी ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों की सलामी ली। साथ ही पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और सीएलजी सदस्यों से भी अधिकारियों ने मुलाकात की। एक सेवानिवृत्त कांस्टेबल ने पेंशन नहीं मिलने की समस्या भी अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में एएसपी जयसिंह तंवर, नरेंद्र सिंह देवड़ा, सीओ सिटी मदन सिंह, सीओ ग्रामीण अमर सिंह रत्नू, प्रशिक्षु आईपीएस भानुप्रताप सिंह राठौड़ सहित जिले भर के पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

पुलिस स्थापना दिवस के इस आयोजन ने सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को मजबूती से सामने रखा।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सुमेरपुर में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़: नामी ब्रांड के नाम पर चल रहा था मिलावट का खेल।

IPL 2026: RCB का धमाका जारी, लखनऊ को हराकर बनी नंबर-1 — आज मुंबई vs पंजाब में बड़ा मुकाबला