पाली/सुमेरपुर। जिले के सुमेरपुर कस्बे में पुलिस और मेडिकल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का बड़ा भंडाफोड़ किया है। यहां पाम ऑयल और केमिकल के जरिए मिलावटी घी तैयार कर नामी ब्रांड के नाम से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि यह कार्रवाई बुधवार देर रात सुमेरपुर के संजय नगर इलाके में की गई। टीम को गुप्त सूचना मिलने के बाद मौके पर दबिश दी गई, जहां भारी मात्रा में नकली घी और पैकिंग सामग्री बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान 15 किलो क्षमता के 141 टीन और पैकेट में पैक करीब 315 लीटर मिलावटी घी जब्त किया गया। साथ ही विभिन्न ब्रांड के नाम से तैयार किए गए टेट्रा पैक में लगभग 260 किलोग्राम घी भी मौके से बरामद हुआ। टीम ने सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन, गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य उपकरण भी जब्त किए।
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में सरस, अमूल, कृष्णा, नोवा और बनास जैसे नामी ब्रांड के नाम पर नकली घी तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था। टीम ने मौके से 6 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे हैं।
सुमेरपुर सीओ जितेंद्र सिंह के अनुसार, मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सुमेरपुर निवासी हरीओम (48), खुशाल (34) और सिरोही जिले के रोवाड़ा निवासी परबत सिंह (47) शामिल हैं। तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा, सुमेरपुर थानाप्रभारी सुमेर सिंह सहित पुलिस और चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रही।
प्रशासन ने कहा है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि आमजन की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।


