पाली। नगर निगम द्वारा ‘विजन 2030’ के तहत वार्ड विकास को लेकर आयोजित बैठक बापू नगर विस्तार में विरोध के चलते शुरू ही नहीं हो सकी। वार्ड 42-43 के क्षेत्रवासियों ने साफ शब्दों में कहा कि जब वर्तमान समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, तो भविष्य की योजनाओं पर चर्चा का कोई मतलब नहीं।

गुरुवार को नगर निगम के एईएन दिनेश पालीवाल और जेईएन महेंद्र सिंह स्थानीय स्कूल में बैठक करने पहुंचे थे, लेकिन मोहल्लेवासियों ने बैठक में भाग लेने से इनकार कर दिया और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखनी शुरू कर दीं।
पूर्व पार्षद दिलीप चौधरी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने और दर्जनों बार कॉल करने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं हो रही। “जब शहर में सफाई हो सकती है तो हमारे वार्ड में क्यों नहीं?” उन्होंने सवाल उठाया।
वहीं क्षेत्र की प्रमिला परमार ने बताया कि अधिकांश गलियों में नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं, जिससे बदबू और बीमारी का खतरा बना हुआ है। साथ ही आवारा मवेशियों की समस्या भी गंभीर है, जिससे आए दिन वाहनों को नुकसान हो रहा है।
बापू नगर विस्तार निवासी मदनलाल ने अपने घर के बाहर की बदहाल स्थिति दिखाते हुए बताया कि करीब एक साल से नालियों की सफाई नहीं हुई है, यहां तक कि उनमें झाड़ियां तक उग आई हैं।

स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद अधिकारी मौके पर ही कुछ गलियों का निरीक्षण करने पहुंचे और गंदगी से भरी नालियों को देखा।
अधिकारियों ने सफाई निरीक्षक को तुरंत सफाई के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र की सभी नालियों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।


