in

पाली में दर्दनाक हादसा: डंपर से टकराई कार, पाली मे कार्यरत डॉक्टर की मौत—एक गंभीर घायल

पाली। शहर के टीपी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नया गांव रोड स्थित गुर्जर छात्रावास के पास डंपर और कार की जोरदार टक्कर में एक युवा डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब एक बजे हुआ, जब कार के साथ चल रहे डंपर ने अचानक मोड़ ले लिया। कार चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए, लेकिन दूरी कम होने के कारण कार सीधे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

हादसे में जालोर जिले के दांता (सांचौर) निवासी 34 वर्षीय डॉक्टर शैलेष विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे पाली के धिंगाणा निवासी 30 वर्षीय डॉक्टर गौरव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है और हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया।

दोनों डॉक्टर पाली के जन हॉस्पिटल में कार्यरत थे और अस्पताल के पीछे किराए के मकान में रहते थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन पाली पहुंच गए, जहां अस्पताल और मोर्च्युरी के बाहर शोक का माहौल छा गया।

डॉक्टर शैलेष विश्नोई ने वर्ष 2020-21 में नेपाल से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और पिछले चार वर्षों से पाली में सेवाएं दे रहे थे। करीब छह महीने पहले उन्होंने जन हॉस्पिटल जॉइन किया था। उनकी शादी 2012 में रामेश्वरी देवी से हुई थी। उनके परिवार में 13 वर्षीय बेटा सुमित और 9 वर्षीय बेटी सिमरन हैं।

परिजनों के अनुसार शैलेष के पिता बाबूलाल विश्नोई सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और माता बाली देवी गृहिणी हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी रामेश्वरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत में NSUI की नई टीम पर जश्न,भागीरथ पुनसा को ब्लॉक अध्यक्ष सोजत और राहुल राठौड़ को नगर अध्यक्ष सोजत बनाया गया ।

पाली में ‘विजन 2030’ बैठक का विरोध: बापू नगर विस्तार में समस्याओं पर भड़के वार्डवासी।