सोजत। शहर के बिलाडिया गेट क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। इस घटना में घर का हजारों रुपए का सामान और नगदी जलकर राख हो गए। हालांकि, पड़ोसियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बिलाडिया गेट निवासी बाबूलाल के घर में दोपहर के समय अचानक बिजली का शॉर्ट सर्किट हुआ। बताया जा रहा है कि चिंगारी कपड़ों पर गिरने से आग भड़क उठी और देखते ही देखते कूलर सहित अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखी नकदी भी आग में जलकर नष्ट हो गई।
आग लगने के बाद पूरे मकान में धुआं भर गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए घर में मौजूद एक बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग बुझाने वाले यंत्रों की मदद से उन्होंने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
घटना की सूचना पर सोजत अग्निशमन विभाग की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था।
स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, नहीं हुई जनहानि।


