in

लाणेरा हत्याकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह।

सोजत। शिवपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम लाणेरा में हुए मनोज विश्नोई हत्याकांड का पुलिस ने अल्प समय में पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा शुक्रवार को सोजत पुलिस उपाधीक्षक रतनाराम देवासी ने प्रेसवार्ता में किया।

सीओ रतनाराम देवासी ने बताया कि 11 जून की रात मनोज विश्नोई (27) पुत्र महीराम विश्नोई निवासी रावर की ढाणी स्कॉर्पियो गाड़ी से हुणगांव से ओलवी की ओर जा रहा था। रास्ते में प्रकाश पुत्र ओमप्रकाश भी उसकी गाड़ी में सवार हो गया। रात करीब 9:30 बजे लाणेरा गांव पहुंचने पर 2-3 वाहनों में सवार 10-12 लोगों ने उसकी गाड़ी का पीछा किया और आगे-पीछे से घेरकर टक्कर मार दी, जिससे वाहन खाई में जा गिरा।

इसके बाद आरोपियों ने मनोज का अपहरण कर उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे मृत समझकर अपनी गाड़ी में डालकर लाम्बा चौराहे पर फेंक दिया और फरार हो गए। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद पाली पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज के निर्देशन में सोजत सीओ रतनाराम देवासी तथा शिवपुरा थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गहन जांच और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी श्यामलाल पुत्र प्रहलादराम सारण निवासी लाम्बा, ओमप्रकाश विश्नोई पुत्र हरसुखराम निवासी हुणगांव तथा हरदेवराम पुत्र प्रहलादराम विश्नोई निवासी लाम्बा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया व शेष मुल्जिमों कि तलाश जारी है।

प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी रंजिश सामने आया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में सीओ रतनाराम देवासी, थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई, एएसआई किशनलाल तथा कांस्टेबल अजयसिंह की विशेष भूमिका रही।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: पेयजल समस्याओं पर विधायक शोभा चौहान सख्त, व्यवस्थाओ का लिया जायजा दिये आवश्यक निर्देश।

सोजत: बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल के समर कैंप में निखर रही प्रतिभाएं, भारत विकास परिषद ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह।