पाली। शहर के राजकीय बालिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘सांस्कृतिक चेतना मंच’ की ओर से छात्राओं के लिए एक ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने छात्राओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, भारतीय संस्कृति और बेहतर स्वास्थ्य से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी देकर जागरूक किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता नंदकिशोर बंसल ने संविधान में बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए किए गए विशेष प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की सही जानकारी होने पर छात्राएं विषम परिस्थितियों में अपना बचाव और अधिकारों का सही उपयोग कर सकती हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने छात्राओं को भारत की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं से अवगत कराया। इस दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता व विभिन्न गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सुंदरकांड की प्रतियां भेंट कर सम्मानित किया गया।
वहीं, डॉ. हजारी मल चौधरी ने स्वास्थ्य परिचर्चा के दौरान प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग और फास्ट फूड के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति आगाह किया। उन्होंने छात्राओं को खान-पान में सुधार कर सेहत के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा ने सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए स्वागत किया। मंच संचालन प्रतिभा पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर जय नारायण अरोड़ा, घनश्याम भटनागर, हीरा लाल व्यास सहित विद्यालय का शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।


