सोजत। शहर के निकटवर्ती ग्राम पोटलिया निवासी चेतन प्रकाश चौधरी पुत्र श्री श्यामलाल जाट ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की कॉलेज लाइब्रेरियन भर्ती में अंतिम चयन हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑल राजस्थान में 80वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चेतन प्रकाश चौधरी वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कंटालिया में वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता के तहत डिप्लोमा इन फार्मेसी, बीएड (B.Ed.) तथा पुस्तकालय विज्ञान में मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (MLIS) की उपाधि प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने UGC-NET परीक्षा पांच बार उत्तीर्ण कर अपनी शैक्षणिक दक्षता का परिचय दिया है।
निरंतर मेहनत, लगन और अध्ययन के प्रति समर्पण के बल पर हासिल की गई इस सफलता से उनके परिजनों और ग्रामीणों में उत्साह है। उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
चेतन प्रकाश चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, छोटे भाई शिव प्रसाद, भाई प्रधान चौधरी तथा मित्र जितेंद्र भाकर को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर शुभचिंतकों एवं ग्रामीणों द्वारा बधाइयां दी जा रही हैं।


