पाली। 10 नवंबर राजस्थान राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 11 से 14 नवंबर तक खेलसिटी, शिवम नगर, जगतपुरा, जयपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पाली जिले के जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी मंगलवार को पाली रेलवे स्टेशन से जयपुर के लिए रवाना हुए।

राजस्थान स्केट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) की मान्यता के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
राजस्थान स्टेट रोलर स्केटिंग संघ के सचिव योगेंद्र खत्री ने बताया कि प्रतियोगिता में निर्धारित नियमों के अनुसार केवल पात्र इनलाइन प्रोफेशनल स्केटर्स ही भाग ले सकेंगे। सभी खिलाड़ियों के लिए RSFI का एनुअल रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
दल प्रभारी सुनील लूणीया ने बताया कि पाली जिले के चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तैयारी के साथ जयपुर रवाना हुए हैं। खिलाड़ियों से पदक जीतकर पाली जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद है।
पाली जिला रोलर स्केटिंग संघ के अध्यक्ष आनंद कावड़ एवं मुख्य सचिव अजय शर्मा ने जयपुर रवाना हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

