सोजत सिटी। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, इस भावना को आत्मसात करते हुए सोजत सेवा मंडल पिछले 43 वर्षों से निरंतर सेवा कार्यों में जुटा हुआ है। वर्ष 1983 में शुरू हुई सेवा की यह अनूठी पहल आज सोजत शहर में मानवता, समर्पण और परोपकार का पर्याय बन चुकी है। मंडल की ओर से राजकीय चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके साथ आने वाले परिजनों को प्रतिदिन तीन समय निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मंडल की ओर से सुबह निशुल्क नाश्ते के साथ सुबह-शाम भोजन प्रसादी का वितरण किया जाता है। इस सेवा से अस्पताल में उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिल रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह व्यवस्था किसी वरदान से कम नहीं है। भोजन प्रसादी के साथ समय-समय पर मरीजों को फल एवं मिठाइयां भी वितरित की जाती हैं, ताकि उन्हें पौष्टिक आहार मिलने के साथ मानसिक प्रसन्नता भी मिल सके।
इसी सेवा भावना के तहत मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंडल की ओर से विशेष भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। इस दौरान खीर, हलवा, रोटी एवं सब्जी सहित स्वादिष्ट भोजन तैयार करवाकर राजकीय चिकित्सालय एवं अन्न क्षेत्र में मरीजों, परिजनों और जरूरतमंदों को वितरित किया गया।
मंडल के कार्यकर्ता पूरी श्रद्धा, प्रेमभाव एवं सेवाभाव से भोजन तैयार करवाने से लेकर वितरण तक की जिम्मेदारी निभाते हैं। साथ ही भोजन निर्माण एवं वितरण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। 43 वर्षों से अनवरत जारी यह सेवा न केवल जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करवा रही है, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता का संदेश भी दे रही है।
इस पुनीत सेवा कार्य में सोजत सेवा मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मणराम गेहलोत, उपाध्यक्ष देवीलाल सांखला, मंत्री पुष्पतराज मुणोत, हरिनारायण पाराशर, ताराचंद सैनी, बहादुरसिंह खींची, विजय सिंह, जगदीश सिंह सहित लगभग 30 सदस्यों की सेवाभावी टीम पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रही है। मंडल की यह पहल साबित करती है कि समाज में जरूरतमंदों की सेवा और दुखियों के चेहरे पर मुस्कान लाने से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है।

