पाली, 25 अगस्त 2025 – जिले में हो रही अच्छी बारिश के कारण आज पाली के हेमावास बांध में पानी की आवक में भारी वृद्धि हुई है । सोमवार को बांध का जलस्तर 28.50 फीट तक पहुंच गया, जिसके बाद हेमावास बांध की चादर छलक उठी। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बांध पर पहुंच रहे हैं ।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ी है । चादर चलने से आस-पास के किसानों और ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी है, क्योंकि इससे भूजल स्तर में सुधार होगा और आगामी फसलों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा ।
यह बांध पाली और आसपास के क्षेत्रों के लिए सिंचाई और पेयजल का एक महत्वपूर्ण स्रोत है । बांध के ओवरफ्लो होने से क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है.


