पाली। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लाखों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने हैदराबाद में टेक्सटाइल फर्म खोलकर पाली के व्यापारी से 24 लाख से अधिक का माल मंगवाया और भुगतान किए बिना फर्म बंद कर फरार हो गया था।
थानाप्रभारी हनुवंत सिंह सिसोदिया ने बताया कि सूरजपोल चौधरियों का बास निवासी व्यापारी निर्मल चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि ओमप्रकाश पटेल ने हैदराबाद में “जयलक्ष्मी टेक्सटाइल” नाम से फर्म खोलकर एजेंट के माध्यम से उनके साथ व्यापार शुरू किया।
शुरू में आरोपी ने दो बार अस्तर का कपड़ा मंगवाकर समय पर भुगतान किया, जिससे व्यापारी का उस पर भरोसा बन गया।
इसके बाद आरोपी ने 24,27,821 रुपए का अस्तर का कपड़ा मंगवाया।
जैसे ही माल हैदराबाद पहुंचा, आरोपी ने अपनी फर्म बंद कर दी और मौके से फरार हो गया। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि कहीं उसने इस तरह की और भी धोखाधड़ियां तो नहीं की हैं।


