राजस्थान में हल्के बादलों की आवक ने उत्तर से आने वाली बर्फीली हवा की रफ्तार को धीमा कर दिया है। इसके कारण प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी में नरमी आई है और तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार सुबह अलवर में सरसों की फसल पर ओस जमने के दृश्य देखने को मिले।
बाड़मेर के बाद चित्तौड़गढ़ में रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
वहीं सीकर, फलोदी और चूरू समेत कई जिलों में रात के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 1-2 दिन तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा और कोल्ड वेव से राहत बनी रहेगी। वहीं अगले एक सप्ताह मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज हुआ। लूणकरणसर एवं माउंट आबू में भी 5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सीकर 6.8, चूरू 6.3, करौली 6.4, झुंझुनूं 7.2 और जयपुर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पश्चिमी राजस्थान में बादलों का डेरा..
रविवार को जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, गंगानगर और बाड़मेर के कुछ हिस्सों में ऊंचाई वाले बादल छाए रहे, जिससे दिन की धूप हल्की पड़ी। जोधपुर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
आने वाले दिनों का मौसम..
मौसम केंद्र जयपुर ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर आज भी पश्चिमी जिलों में देखा जा सकता है। यहां आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, जबकि बाकी प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। शेखावाटी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है, लेकिन कोल्ड वेव से राहत मिलती रहेगी।


