सोजत। बगड़ी थाना क्षेत्र के सिंचियावास गांव में बच्चा चोरी के शक में एक महिला और उसकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपनी बेटी के साथ गांव में गोंद बेचने आई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर बच्चा चोर गैंग से जुड़े होने का संदेह जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और महिला पर लाठियों से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि बीच-बचाव करने के बजाय कुछ लोग मारपीट करते रहे और किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सोजत के राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उच्च केंद्र के लिए रेफर किया गया है। बेटी को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह या शक के आधार पर कानून हाथ में न लें और संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।


