पाली। शहर सहित जिलेभर में रंगों के त्योहार होली का उल्लास चरम पर है। सोमवार शाम को होलिका दहन का शुभ मुहूर्त 6:22 बजे से शुरू होकर रात 8:53 बजे तक रहेगा। इस प्रकार कुल 2 घंटे 31 मिनट का समय होलिका दहन के लिए श्रेष्ठ माना गया है। इसी शुभ अवधि में शहर और गांवों में विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया जाएगा।

धार्मिक मान्यता के अनुसार शुभ मुहूर्त में होलिका दहन करना विशेष फलदायी माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर परंपरानुसार होलिका की परिक्रमा करेंगे। वहीं छोटे बच्चों को होलिका के फेरे भी लगवाए जाएंगे। मान्यता है कि इससे बच्चों की सेहत अच्छी रहती है और वे बीमारियों से दूर रहते हैं। परंपरा अनुसार बच्चों के ननिहाल से ‘ढूंढ’ लाने की रस्म भी निभाई जाएगी।
मंगलवार को धुलंडी के दिन शहर और गांवों में रंग-गुलाल की धूम रहेगी। लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देंगे और पूरे दिन रंगों का उत्सव मनाया जाएगा। समाज के लोग बच्चों की ‘ढूंढ’ की रस्म अदा करेंगे, जो पारंपरिक रीति-रिवाजों का अहम हिस्सा है।
बाजारों में दिखी होली की रौनक..
होली को लेकर पाली शहर के बाजार इन दिनों रंग-बिरंगे गुलाल, हर्बल कलर्स, पिचकारियों और सजावटी सामान से सजे नजर आ रहे हैं। बच्चों के लिए खास परिधान—नन्हे दूल्हे की शेरवानी, साफा और जूतियां—दुकानों पर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम..
होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पाली शहर में 386 और सोजत सिटी में 251 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिलेभर में भी सुरक्षा बल मुस्तैद रहेंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।


