पाली। शहर में मंगलवार सुबह एक खूंखार कुत्ते ने करीब एक घंटे के भीतर सात लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी। किसी के पैर तो किसी के हाथ पर काट लिया। बचाव के लिए आए राहगीरों पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। लोगों ने लाठी और पत्थरों से कुत्ते को भगाने का प्रयास किया, इस दौरान चोट लगने से कुत्ते की मौत हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अंबेडकर सर्किल के पास हुई। बताया जा रहा है कि सोमनाथ मंदिर रोड बड़ा बास निवासी सुखीदेवी (62) पत्नी कानाराम पंवार सुबह आदर्श नगर स्थित शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। जैसे ही वह अंबेडकर सर्किल के पास पहुंचीं, कुत्ते ने अचानक पीछे से उनके पैर को पकड़कर काट लिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने कुत्ते को भगाकर महिला को बचाया और उन्हें इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया।

मेले की तैयारी कर रहे दुकानदार पर भी हमला…
आदर्श नगर में बुधवार को शीतला माता का मेला लगना है। मेले की तैयारी के लिए हिम्मतनगर-बी निवासी कानदास (42) पुत्र मथुरादास मंगलवार सुबह अस्थायी दुकान लगाने का सामान लेकर अंबेडकर सर्किल से आदर्श नगर की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। बचने के प्रयास में कुत्ते ने उनके हाथों को काट लिया और बाएं हाथ की एक अंगुली को बुरी तरह चबा दिया। राहगीरों ने पत्थर और लाठियों से कुत्ते को भगाकर उनकी जान बचाई और उन्हें भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया।
सफाई कर्मचारियों को भी बनाया निशाना...
घटना के दौरान अंबेडकर सर्किल के पास सफाई कार्य कर रहे बापूनगर विस्तार निवासी अनिल पुत्र श्यामलाल वाल्मीकि, श्रवण सहित अन्य कर्मचारियों पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या से शहर में आए दिन खतरा बना रहता है।


