पाली में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बांगड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

जीआरपी पाली के एएसआई गजेसिंह राजपुरोहित ने बताया कि जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन में एक करीब 35 वर्षीय युवक यात्रा कर रहा था।
मंगलवार को ट्रेन पाली रेलवे स्टेशन की ओर आ रही थी। इस दौरान केरला और पाली के बीच युवक डिब्बे के गेट के पास खड़ा था।
बताया जा रहा है कि अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास किसी प्रकार का पर्स, मोबाइल, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र नहीं मिला। ऐसे में उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को पाली के बांगड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर आसपास के थानों और क्षेत्रों में सूचना भेजते हुए मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।


