जयपुर। मध्य-पूर्व में जारी युद्ध का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। इज़रायल, ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के चलते तेल कंपनियों ने रसोई गैस के घटते स्टॉक को देखते हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर अघोषित रोक लगा दी है। कंपनियों ने एलपीजी एजेंसियों को मैसेज भेजकर अगले आदेश तक कॉमर्शियल सिलेंडर के नए ऑर्डर नहीं लेने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार कंपनियों ने एजेंसियों को फिलहाल केवल घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई पर ध्यान देने के लिए कहा है। देर रात जारी इन निर्देशों के बाद कई गैस एजेंसियों ने व्यावसायिक सिलेंडरों की बुकिंग बंद कर दी है।
होटल-रेस्टोरेंट और उद्योगों पर असर…
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल, रेस्टोरेंट और कई औद्योगिक इकाइयों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। वहीं मार्च-अप्रैल में शादियों का सीजन शुरू होने से बड़े समारोहों में भोजन व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
डीलर्स को भेजे गए मैसेज
नाम न छापने की शर्त पर एक गैस एजेंसी डीलर ने बताया कि तेल कंपनियों की ओर से कई एलपीजी डीलर्स को मैसेज भेजकर कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई अगले आदेश तक रोक दी जाए। जिन डीलर्स के पास सीमित स्टॉक है, उनके नए ऑर्डर भी फिलहाल स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में कंपनियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
शादी-समारोह में आ सकती है परेशानी…
राजस्थान में मार्च और अप्रैल के दौरान बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित होते हैं। यदि मध्य-पूर्व में युद्ध की स्थिति लंबी चलती है तो गैस की कमी और बढ़ सकती है।
भारत में उपयोग होने वाली एलपीजी का बड़ा हिस्सा कतर, ईरान सहित अन्य मध्य-पूर्वी देशों से आता है। ऐसे में आपूर्ति बाधित होने पर शादी-समारोहों में बड़े पैमाने पर खाना बनाना मुश्किल हो सकता है।
घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी भी हो रही देर से…
इससे पहले तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग पर भी नियंत्रण के निर्देश जारी किए थे। अब उपभोक्ता को पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग करने की अनुमति दी जा रही है।
वहीं पहले जहां गैस सिलेंडर 2-3 दिन में मिल जाता था, अब डिलीवरी में 7 दिन या उससे अधिक का समय लग रहा है।


