पाली/सोजत। क्षेत्र के खोखरा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य कक्ष का ताला तोड़कर चोर लाखों का सामान समेट ले गए, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह जब स्टाफ स्कूल पहुंचा तो कार्यालय का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटर एलईडी और म्यूजिक सिस्टम गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी गोपालसिंह खोखरा ने पुलिस को अवगत कराया। इस पर चंडावल थानाप्रभारी अमराराम मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। साथ ही एमओबी (मोबाइल फोरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने प्रधानाचार्य की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे संस्थान भी अब सुरक्षित नहीं रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

