सोजत। सोजत विधायक शोभा चौहान के पिछले दो वर्षों के कार्यकाल को लेकर नगरपालिका सभागार में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों का विस्तृत लेखाजोखा प्रस्तुत किया।

विधायक ने बताया कि उनके कार्यकाल में किसान, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुधारों पर विशेष ध्यान दिया गया है। सोजत में ट्रॉमा वार्ड का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं बगड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड क्षमता 30 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि सोजत चिकित्सालय को प्रथम चरण में ही जिला अस्पताल के रूप में क्रमोन्नत कर 50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कराया गया। चण्डावल पुलिस चौकी को पुलिस थाने में और सोजत रोड ग्राम पंचायत को नगरपालिका में क्रमोन्नत करवाया गया।
पशुपालन क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य करते हुए सोजत पशु चिकित्सालय को बहुउद्देश्यीय पशु चिकित्सालय बनाया गया है। साथ ही रेन्दड़ी, चाडवास, शिवपुरा, मेव केलवाज और बासिया में नए पशु चिकित्सालय उपकेंद्र स्वीकृत करवाए गए हैं। बगड़ी नगर के लिए रेलवे अंडरपास की स्वीकृति भी दिलाई गई है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने बाड़मेर में स्थापित की जा रही रिफाइनरी को रोजगार और राजस्व का बड़ा स्रोत बताते हुए स्थानीय विधायक द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान “प्रगति के पथ पर सोजत” पुस्तक का विमोचन भी किया गया। प्रेसवार्ता में क्षेत्र के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुगलकिशोर निकुम,राजेश तंवर,कन्हैयालाल ओझा,अनोपसिंह लखावत,मोहनलाल जाट,भंवरलाल सैणचा,दिग्विजय सिह,चम्पालाल सांखला,गोरधनलाल गेहलोत,ताराचंद सैनी,लुम्बाराम ,नरपतराज सोलंकी,जितेंद्र व्यास,मोहम्मद साजिद सिपाही,धीरज नागोरा,हिरालाल काठेड़,गौतम तंवर,राकेश पंवार,तरुण सोलंकी,राकेश भटनागर,श्याम गेहलोत,दिपीका शर्मा,हेमलता,गुणवंती मेहता,एडवोकेट टोनू ,पुर्णिमा सोनी,अनीता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या मे भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता और गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल ओझा ने किया।


