in

सोजत रोड पुलिस ने कायम की मिसाल: मेस कर्मी की बेटियों की शादी में भरा 2 लाख का मायरा।

पाली जिले के सोजत रोड थाना पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। थाना परिसर की मेस में कार्यरत मंजू देवी की दो बेटियों के विवाह में पुलिसकर्मियों ने परिवार बनकर उनका साथ दिया और करीब 2 लाख रुपये का मायरा भरकर आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

मंजू देवी प्रजापत, जो लंबे समय से थाने में पुलिसकर्मियों के लिए भोजन बनाती हैं, उनकी दोनों बेटियों का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में होना तय था। ऐसे में कमला लोहार के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने उनके पीहर पक्ष की जिम्मेदारी निभाते हुए इस खास मौके को यादगार बना दिया।

गाजे-बाजे के साथ पुलिसकर्मी मंजू देवी के घर पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान थानाधिकारी कमला लोहार और स्टाफ ने मंजू देवी को चुनरी ओढ़ाई, जिससे भावुक होकर उनकी आंखें नम हो गईं।

पुलिसकर्मियों ने शादी के लिए कपड़े और जरूरी सामान के साथ 1 लाख 71 हजार रुपये नकद शगुन के रूप में दिए। वहीं कुल मिलाकर करीब 2 लाख रुपये का मायरा भरकर परिवार को बड़ी आर्थिक राहत दी।

कार्यक्रम के दौरान मंजू देवी ने सभी पुलिसकर्मियों का तिलक लगाकर और साफा पहनाकर आभार जताया। इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, वेदपाल सीरवी सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

सोजत रोड पुलिस की यह पहल न केवल उनकी कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है, बल्कि समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सहयोग भावना का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बालोतरा। पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग: उद्घाटन से एक दिन पहले बड़ा हादसा, प्रशासन अलर्ट।