पाली शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार ने हादसे को जन्म दे दिया। शहर के मंडिया रोड स्थित कालूजी बगेची के पास शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई, जिसमें 30 वर्षीय बिजनेसमैन आयुष जैन घायल हो गए।

इंद्रा कॉलोनी निवासी आयुष जैन अपनी दुकान से किसी काम के लिए बाइक पर निकले थे। जैसे ही वे गली से मुख्य चौराहे पर पहुंचे, तभी दूसरी ओर से आ रही डिस्कॉम की FRT टीम की तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयुष जैन सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर, हाथ-पांव में चोटें आईं, वहीं एक दांत भी टूट गया।
घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि गाड़ी तेज गति से आकर बाइक को चपेट में लेती है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद डिस्कॉम की टीम ही घायल को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घायल आयुष जैन का आरोप है कि गाड़ी चालक तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं इस दुर्घटना में उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उनके भाई पीयूष जैन भी अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति की जानकारी ली।
फिलहाल मामला चर्चा में है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


