मारवाड़ जंक्शन। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सारण में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रभावी विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मोबाइल के बढ़ते उपयोग के साथ बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के खतरों पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान तालुका विधिक सेवा समिति, मारवाड़ जंक्शन की PLV/अधिकार मित्र रेखा व्यास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल के माध्यम से होने वाले फ्रॉड तेजी से बढ़ रहे हैं और इसका सबसे ज्यादा असर युवा वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अनजान वेबसाइट्स और सोशल मीडिया का गलत उपयोग मानसिक तनाव बढ़ाता है, जिससे कई बार बच्चे गंभीर मानसिक समस्याओं की ओर बढ़ जाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे मोबाइल का संतुलित और सुरक्षित उपयोग करें, किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी OTP, फोटो या निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि डरने की बजाय सजग रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
शिविर में विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल विवाह निषेध अभियान, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, वीर परिवार सहायता योजना, NALSA हेल्पलाइन 15100 और “कोर्ट वाली दीदी” सुझाव/शिकायत पेटी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अक्षय कुमार, शंकर लाल वैष्णव, सांवल प्रभात व्यास सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना और उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना रहा।


