सोजत। समस्त माली समाज विकास समिति के तत्वावधान में नवम सामूहिक विवाह सम्मेलन आज 30 अप्रैल को पोकर फार्म हाउस में भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पूरे समाज में उत्साह और उमंग का माहौल है, वहीं तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस बार सम्मेलन में 21 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।

माली समाज अध्यक्ष चंपालाल सांखला ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चारों मोहल्लों के चौधरी-पंचों एवं समाज के पदाधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन समिति के संयोजक लक्ष्मणराम गहलोत, संरक्षक ताराचंद एडवोकेट, मदन छोटे वाला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदनलाल पालरिया, सचिव हेमाराम भाटी, कोषाध्यक्ष कानाराम परिहार और महामंत्री आनंद भाटी सहित कई पदाधिकारी तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक ‘मायरा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाजबंधुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आज मुख्य विवाह समारोह के तहत सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक बारातों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न होंगे।
सम्मेलन के अवसर पर समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

