in

सोजत में आईएफडब्ल्यूजे पत्रकार संगठन का महाकुंभ सम्पन्न, पत्रकार सम्मान, शपथ ग्रहण और सावन स्नेह मिलन में दिखी एकजुटता, निष्पक्ष और भयमुक्त पत्रकारिता का लिया संकल्प।

सोजत सिटी। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से जुड़े पत्रकारों का सबसे बड़ा श्रमजीवी संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) का सोजत उपखंड स्तरीय महाकुंभ रविवार को मोड़भट्टा स्थित होटल अमित इन में उत्साह, गरिमा और भाईचारे के माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह में पत्रकार सम्मान, शपथ ग्रहण एवं सावन स्नेह मिलन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में पत्रकारों को संगठित रहकर निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करनी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव मजबूती से खड़ा रहेगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में सोजत उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत ने कहा कि उपखंड के पत्रकारों की संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने संगठन को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाने तथा हर सदस्य के सुख-दुःख में साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।

विधानसभा प्रभारी चेतन व्यास ने आईएफडब्ल्यूजे का परिचय देते हुए बताया कि वर्ष 1950 में दिल्ली में चलपति राव द्वारा स्थापित यह संगठन विश्व के 40 देशों और यूनेस्को से संबद्ध है तथा देशभर में पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा, प्रेस की स्वतंत्रता और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

महासचिव नवनीत राय रूचिर ने उपखंड हित से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव अनुमोदन के लिए सदन के समक्ष रखे। इस अवसर पर डॉ. रामस्वरूप भटनागर, राजेश शर्मा, भुवनेश टाक, मीठालाल पंवार, रमेश भट्ट, ललित तिवारी, आमीर रजा, भवानीसिंह बागावास, अब्दुल समद राही, हेरम्ब भारद्वाज और ओमप्रकाश चौहान सहित कई वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, पत्रकार एकता और निष्पक्ष पत्रकारिता पर अपने विचार रखे।

समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठन के प्रति निष्ठा एवं उत्तरदायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। अतिथियों एवं पत्रकारों का साफा, शॉल और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा सभी को सावन स्नेह उपहार भी भेंट किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ से हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। स्वागत के दौरान बालिका सिद्धि ने कुमकुम तिलक एवं उपरना पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। समारोह के दौरान चेतन व्यास और डॉ. रामस्वरूप भटनागर के नेतृत्व में पत्रकारों ने “सावन का महीना पवन करे शोर…” तथा “ज्योत से ज्योत जगाते चलो…” गीतों की सामूहिक प्रस्तुति देकर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन चेतन व्यास एवं नवनीत राय रूचिर ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में महासचिव नवनीत राय रूचिर ने सभी आगंतुक पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. रशीद गौरी, लक्ष्मीनारायण माली, दिलखुश गहलोत, महावीर गहलोत, राकेश भटनागर, दिनेश सोलंकी, दिव्येश जोशी, अशोक गहलोत, अकरम खान, हितेश भाटी, गोविंद गर्ग, हरीश गहलोत, मुकेशसिंह, अजय जोशी, ओमप्रकाश बौराणा, अशोकसिंह सोलंकी, गजेंद्र गहलोत, राहुल, ईश्वर दमामी, मोटाराम बोचावत, पूनाराम प्रजापत, इस्माईल खां, मोहम्मद आरिफ, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

डीएसएस सेकेंडरी स्कूल सोजत रोड में वृक्षारोपण: नीम के पौधे लगाकर विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प