सोजत। स्थानीय नरसिंहपुरा कॉलोनी स्थित नवदुर्गा पार्क में बुधवार को नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुश्री भूमिका कंवर, कुलदीप सिंह, दिनेश, विनोद, किशन और अक्षिता सहित अन्य बच्चों ने अपने हाथों से पौधारोपण किया। बच्चों ने कहा कि “मां हमें जीवन देती है और पेड़ हमें जीवन देते हैं। इसलिए हर बच्चा अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे।”
बच्चों के इस सराहनीय प्रयास से नवदुर्गा पार्क और अधिक हरा-भरा बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। उपस्थित लोगों ने बच्चों की पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्कार और प्रकृति प्रेम से ही आने वाली पीढ़ी एक स्वच्छ, हरित और बेहतर भारत का निर्माण करेगी। बच्चों की इस पहल से क्षेत्र के लोगों को भी अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की प्रेरणा मिली।

