पाली। बगड़ी नगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को उसके घर में अवैध रूप से अफीम छुपाकर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 523 ग्राम ठोस अफीम बरामद की।
थाना अधिकारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गुर्जरों की ढाणी (बीजा गुड़ा) निवासी रामप्रताप (51) पुत्र बाबूदास अपने घर में अफीम रखकर बिक्री की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने 11 अक्टूबर को रामप्रताप के घर पर दबिश दी। तलाशी में घर से 523 ग्राम ठोस अफीम बरामद की गई, जिसे आरोपी ने अवैध रूप से छुपाकर रखा हुआ था।
पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह अफीम कहां से खरीदी और किसे बेचने वाला था।
इस कार्रवाई में SHO प्रहलाद सिंह, कॉन्स्टेबल नाथूराम, धर्मेंद्र सिंह, महेन्द्र सारण, पारस, राजेन्द्रसिंह और मुनेश कुमार शामिल रहे।


