जोधपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्तालय जोधपुर की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट (पश्चिम) की ओर से सोमवार को शहर की सिटी बसों, रोडवेज बसों और ट्रेनों में महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार बंसल और एडीसीपी (SICAW) पश्चिम सुनील के. पंवार की निगरानी में आयोजित किया गया।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छिंटाकशी और अन्य अपराधों की रोकथाम करना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों और नवीन कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही, महिलाओं को राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा,
“हमारा यह प्रयास समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को बढ़ावा देगा।”
कार्यक्रम के दौरान बाजारों, बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशन पर खरीदारी या यात्रा करने वाली महिलाओं, सरकारी और निजी क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों व छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी दी गई।
साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि किसी क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधि, अवैध शराब या मादक पदार्थ की बिक्री, या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दें, तो तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष 100 / 112 या व्हाट्सएप नंबर 9530440800 पर सूचना दें।
इस पहल को महिलाओं ने सराहा और कहा कि ऐसे अभियान समाज में सुरक्षा और जागरूकता का माहौल बनाते हैं।


