दिल्ली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया है, लेकिन इस मुलाकात के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पीएम और सीएम के बीच राज्य सरकार के कामकाज, संभावित मंत्रिमंडल विस्तार, और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। हाल ही में गुजरात में हुए अप्रत्याशित मंत्रिमंडल फेरबदल के बाद अब राजस्थान में भी इसी तरह के बदलाव की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
सरकार के दो साल पूरे होने पर विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार 15 दिसंबर को दो साल पूरे करने जा रही है। मुलाकात के दौरान सीएम ने पीएम मोदी को सरकार के अब तक के कार्यों की जानकारी दी।
साथ ही, 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले पहले ‘राजस्थानी प्रवासी दिवस’ का निमंत्रण भी पीएम मोदी को दिया।
तीन महीने में तीसरी मुलाकात
यह तीन महीने में सीएम भजनलाल शर्मा की पीएम मोदी से तीसरी मुलाकात रही। इससे पहले 29 जुलाई को उन्होंने संसद भवन में पीएम मोदी से मुलाकात की थी। दिलचस्प बात यह रही कि उस समय पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी एक दिन पहले पीएम मोदी से मिली थीं।
इसके बाद 25 सितंबर को पीएम मोदी बांसवाड़ा दौरे पर आए थे, जहां वे ओपन जीप में सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ सभा स्थल पहुंचे थे। उस दौरान मंच पर पीएम मोदी और वसुंधरा राजे के बीच हुई मुलाकात भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी थी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात के बाद राजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल और नई राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर जल्द ही बड़ा फैसला देखने को मिल सकता है।


