अजमेर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस को एक अज्ञात मेल के जरिए कलेक्ट्रेट और दरगाह शरीफ को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

धमकी को गंभीर मानते हुए दरगाह परिसर को तुरंत खाली कराया गया। सभी जायरीनों को बाहर निकाल दिया गया और पूरे क्षेत्र में चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। साथ ही एटीएस के जवान भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
एसपी वंदिता राणा ने बताया कि मेल में कलेक्ट्रेट और दरगाह दोनों जगहों पर धमाके का जिक्र था। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल सतर्क हैं और ऑपरेशन जारी है।

फिलहाल पुलिस मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है और पूरे शहर में हाई अलर्ट कर दिया गया है।


