पाली। मंडिया रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करते समय 40 वर्षीय मजदूर की करीब 12 फीट ऊंचाई से गिरने पर मौत हो गई। मृतक की पहचान खारड़ा गांव निवासी सोहनलाल बावरी (40) के रूप में हुई है।
वह छत पर सीमेंट की चद्दर लगा रहा था, तभी चद्दर अचानक टूट गई और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
सहकर्मियों ने तुरंत उसे बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सोहनलाल को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजन बिलख पड़े, जिन्हें साथ आए लोगों ने संभाला।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध थी या नहीं। हादसे ने इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

